खगड़िया/मानसी। जिले के मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित जटाधर मिश्र प्राथमिक विद्यालय, पासवान टोला में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की जर्जर सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान मलबे की चपेट में आने से 9 वर्षीय छात्रा रीतिका कुमारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए।
अचानक गिरा सीढ़ी का हिस्सा
बताया गया कि बुधवार सुबह स्कूल में बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान सीढ़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबा गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ बच्चे मलबे में दब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण स्कूल पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया।
इलाज के लिए अस्पताल भेजे गए घायल बच्चे
हादसे में 9 वर्षीय रीतिका कुमारी की जान चली गई। वहीं तीन अन्य बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एसडीएम धनंजय कुमार ने बताया कि घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।
2018-19 से सीढ़ी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्कूल की स्थिति की जानकारी जुटाई। एसडीएम धनंजय कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्कूल की सीढ़ी वर्ष 2018-19 से ही क्षतिग्रस्त थी।
अधिकारियों के मुताबिक, स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जाएगी। सुरक्षा ऑडिट अगले दो दिनों में कराए जाने की बात कही गई है।

0 टिप्पणियाँ